Edited By suman prajapati, Updated: 25 Jan, 2026 12:01 PM

सोशल मीडिया पर हाल ही में एक फेमस इंफ्लुएंसर और सिंगर की मौत की खबर ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। इंडोनेशिया की मशहूर सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और सिंगर लूला लहफा का निधन हो गया है।लूला 23 जनवरी को साउथ जकार्ता स्थित एसेंस धर्मवांग्सा कॉम्प्लेक्स...
मुंबई. सोशल मीडिया पर हाल ही में एक फेमस इंफ्लुएंसर और सिंगर की मौत की खबर ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। इंडोनेशिया की मशहूर सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और सिंगर लूला लहफा का निधन हो गया है।लूला 23 जनवरी को साउथ जकार्ता स्थित एसेंस धर्मवांग्सा कॉम्प्लेक्स में अपने अपार्टमेंट में मृत पाई गईं। इस खबर ने सामने आते ही उनके फैंस और फॉलोअर्स को गहरे सदमे में डाल दिया है।
अपार्टमेंट में मिली लूला लहफा की बॉडी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लूला लहफा 23 जनवरी को अपने अपार्टमेंट में मृत पाई गईं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम करीब 18:44 WIB के आसपास अपार्टमेंट के एक सुरक्षाकर्मी ने उन्हें अचेत अवस्था में देखा। इसके बाद तुरंत ही पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई। फिलहाल पोल्डा मेट्रो जया की टीम इस केस की गहराई से छानबीन कर रही है। लूला के परिवार के सदस्यों और करीबी दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
लूला लहफा की मौत के असली कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने उनके शव को फातमावती अस्पताल भेज दिया है, जहां पोस्टमार्टम और अन्य मेडिकल जांच की जा रही है। पुलिस हर पहलू से इस मामले की जांच कर रही है और अभी तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है।
सोशल मीडिया पर थीं बेहद लोकप्रिय
बता दें, लूला लहफा सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय थीं। इंस्टाग्राम पर उनके लगभग 3.3 मिलियन फॉलोअर्स थे, जो उनके कंटेंट और टैलेंट के दीवाने थे। वह न सिर्फ एक इंफ्लुएंसर थीं, बल्कि अपनी मधुर आवाज के लिए भी पहचानी जाती थीं।
उन्होंने अपने म्यूजिक करियर की शुरुआत साउंडक्लाउड से की थी, जहां उनके गानों को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। बाद में उन्होंने अपनी म्यूजिक एल्बम भी रिलीज की, जिसे श्रोताओं का खूब प्यार मिला। उनकी आवाज और पर्सनैलिटी दोनों ही लोगों को काफी पसंद आती थीं।
कम उम्र में हासिल की बड़ी पहचान
1999 में जन्मी लूला लहफा ने बहुत कम उम्र में ही सोशल मीडिया और म्यूजिक इंडस्ट्री में खास पहचान बना ली थी। महज 26 साल की उम्र में वह लाखों लोगों के लिए प्रेरणा बन चुकी थीं। हालांकि, यह भी सामने आया है कि लूला कुछ समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं और इसी कारण उन्हें कई बार अस्पताल में भर्ती भी होना पड़ा था।
लूला लहफा के अचानक हुए निधन से उनके चाहने वालों के बीच शोक की लहर है। सोशल मीडिया पर फैंस लगातार उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना कर रहे हैं।